आर एम गलोबल टीवी
गुरदासपुर। गुरदासपुर में गांव माणकौर बाईपास के नजदीक पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल का संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो पठानकोट में तैनात थे।
परिजन ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिवार के मुताबिक, विनोद कुमार की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी, न ही किसी प्रकार की उन्हें कोई धमकी मिली थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
मृतक हेड कांस्टेबल के परिजन से मिली जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार पठानकोट के सुजानपुर में वायरलेस पर ड्यूटी में तैनात थे। मौजूदा समय में वह फिल्लौर ट्रेनिंग पर गए थे।
वापसी पर रविवार शाम (15 नवंबर) को उन्होंने अपने भाई को फोन किया कि वह माणकौर बाईपास पर खड़े हैं। उन्हें वहां से घर ले जाएं। यह उनकी परिजन से अंतिम बातचीत थी।
परिजन के मुताबिक, जब भाई उन्हें लेने के लिए बताए गए स्थान पर पहुंचा तो विनोद कुमार वहां मौजूद नहीं थे। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने आसपास उनकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान रात करीब 1 बजे रास्ते में ही विनोद कुमार का शव पड़ा मिला। परिजन का कहना है कि किसी अज्ञात हमलावर ने विनोद को गोली मारी है।
Author: Rm Global Tv

