राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा, पंजाब से दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

आर एम गलोबल टीवी

गुरदासपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर के पास रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जांच में आतंकी साजिश के तार पंजाब के गुरदासपुर से जुड़े मिले हैं। पुलिस ने शनिवार शाम दो मुख्य आरोपियों दविंदर सिंह और उसकी पार्टनर महकदीप कौर को गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। वहीं, इनकी मदद करने के आरोप में तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी वारदात से पहले स्थानीय होटल में रुके थे। आरोप है कि होटल मालिक समेत कुछ लोगों ने उन्हें ठहरने और वाहनों की व्यवस्था कराने में मदद की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक और कार की पहचान भी कर ली है।

मामले की जांच के दौरान पंजाब पुलिस के बर्खास्त सिपाही कुलदीप से अहम सुराग मिला। इसके बाद श्रीगंगानगर और गुरदासपुर पुलिस ने करीब 81 लाख मोबाइल नंबरों की जांच की। इंटरनेट कॉलिंग और VPN के इस्तेमाल से जुड़े इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ी और आरोपियों तक पुलिस पहुंची।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाके के पीछे ट्रेन को नुकसान पहुंचाने की साजिश थी या दहशत फैलाना मकसद था। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Rm Global Tv
Author: Rm Global Tv

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *