आर एम गलोबल टीवी
गुरदासपुर। जर्मनी में पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक की पहचान रामगढ़ के निवासी राजविंदर सिंह (30) के रूप में हुई है।
राजविंदर सिंह पिछले 10 साल से जर्मनी में रह रहा था। उसे एक मंदिर विवाद सुलझाने के दौरान तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया था, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
3 दिन इलाज के बाद दम तोड़ा
मृतक के पिता जरनैल सिंह ने बताया कि उनका बेटा बेहतर भविष्य के लिए जर्मनी गया था। इसके बाद उसे वहां की नागरिकता मिल गई और वह स्थायी रूप से जर्मनी में ही बस गया। जरनैल सिंह ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले शनिवार को फोन पर सूचना मिली कि जर्मनी में एक मंदिर की अध्यक्षता को लेकर हरियाणा के कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया था।
परिजनों के अनुसार, बीते बुधवार को राजविंदर सिंह इस विवाद को शांत करवाने और समझौता कराने के लिए मौके पर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान हरियाणा के चार युवकों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में राजविंदर के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल राजविंदर सिंह को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 2 दिनों तक चले उपचार के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
पिता ने सरकार से शव पैतृक गांव लाने की गुहार लगाई
युवक की मौत की खबर से गांव रामगढ़ और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतक के पिता जरनैल सिंह ने भारत सरकार से मांग की है कि उन्हें अपने बेटे का अंतिम संस्कार करने के लिए जर्मनी जाने की अनुमति दी जाए या राजविंदर सिंह के शव को उनके पैतृक गांव रामगढ़ (पंजाब) लाने की व्यवस्था की जाए।
Author: Rm Global Tv

