आर एम गलोबल टीवी
गुरदासपुर। गुरदासपुर। थाना सदर के अधीन आते नबीपुर कालोनी में दीवार निर्माण और पुराने विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच खूनी झड़प हो गई। एक पक्ष ने बाहर से आए कुछ युवकों के साथ मिलकर दूसरे के घर में घुसकर तेजधार हथियारों, तलवारों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में दो सगे भाई घायल हो गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित हरपाल सिंह ने बताया कि वह अपने घर की पिछली तरफ दो कमरों के निर्माण के लिए लेबर लेकर आया था। इसी दौरान पड़ोसी उनके साथ गाली-गलौज करने लगे और काम रुकवा दिया। पड़ोसियों ने साजिश के तहत अपने चाचा-ताया के लड़कों और बाहर से करीब 6-7 अज्ञात युवकों को हथियारों के साथ बुलाया। हमलावरों ने घर के आगे और पीछे दोनों रास्तों से घेरकर अचानक हमला कर दिया। पीड़ित ने बताया कि उनके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब उनके माता-पिता जीवित थे, तब भी इस दीवार को लेकर विवाद चलता था। अब उनकी मौत के बाद पड़ोसी उन्हें अकेला समझकर रंजिश निकाल रहे हैं।
दूसरे घायल मनी सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उनके सिर पर तलवार से वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और सिर में टांके लगाने पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की और घर में रखा लोहे का सामान भी लूटकर ले गए।
इस मामले को लेकर जब थाना सदर के एसएचओ अमनदीप सिंह से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि दो पड़ोसी परिवारों के बीच निर्माण कार्य और साझा दीवार को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। दोनों पक्ष उस दीवार पर अपना-अपना हक जता रहे थे, जिसके चलते यह झगड़ा हुआ। उन्होंने बताया कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Author: Rm Global Tv

