आर एम गलोबल टीवी
गुरदासपुर। अमृतसर के डीसीपी कार्यालय की असलहा ब्रांच में फायरिंग हुई है। जानकारी के अनुसार, ब्रांच में हथियारों की जांच के दौरान अचानक 30 बोर के पिस्टल से गोली चल गई, जिससे वहां मौजूद एक पुलिस कर्मचारी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 11 बजे एक व्यक्ति अपने लाइसेंसी हथियार की जांच करवाने के लिए असलहा ब्रांच पहुंचा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात ASI नारायण दास हथियार की जांच कर रहे थे। जांच के समय अचानक पिस्टल से गोली चल गई और गोली ASI नारायण दास को जा लगी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल ASI को तुरंत उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है, जब असलहा ब्रांच में इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले भी हथियारों की जांच के दौरान एक बार गोली चलने की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्थाओं और हथियारों की जांच प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली गलती से चली या फिर जांच प्रक्रिया में कहीं कोई लापरवाही हुई? अधिकारी अभी कुछ भी जानकारी देने से बच रहे हैं।
Author: Rm Global Tv

