आर एम गलोबल टीवी
गुरदासपुर। पंजाब में पेट्रोल और डीजल की भारी कमी देखने को मिल रही है, जिसके चलते राज्य के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति पैदा हो गई है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि लोगों को पेट्रोल और डीजल के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है। वहीं दूसरी ओर तेल कंपनियों द्वारा ईंधन आपूर्ति में की जा रही कटौती ने पंजाब में संकट को और गहरा कर दिया है। पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने लिखा पत्र पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन (PPDAP) ने पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर बताया है कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMC) समय पर पेट्रोल और डीजल की सप्लाई नहीं दे रही हैं। एसोसिएशन का कहना है कि सप्लाई में लगातार देरी के कारण राज्य के कई पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म हो चुका है। प्रीमियम फ्यूल खरीदने के लिए किया जा रहा मजबूर बताया जा रहा है कि इंडियन ऑयल (IOCL) की तुलना में हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) के पेट्रोल पंपों पर संकट सबसे ज्यादा है। कई डीलरों ने आरोप लगाया है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल उपलब्ध करवाने से पहले उन्हें प्रीमियम फ्यूल खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिसकी कीमत सामान्य ईंधन से करीब 10 रुपये प्रति लीटर अधिक है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते हाल ही में पेट्रोल और डीजल के दामों में भी करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई है। इससे आम जनता, ट्रांसपोर्ट कारोबार और उद्योगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। राज्य में एलपीजी गैस की भी कमी पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ राज्य में एलपीजी गैस की भी कमी बताई जा रही है। उद्योगों और व्यावसायिक इकाइयों को गैस सप्लाई प्रभावित होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ईंधन संकट के कारण लोगों में चिंता का माहौल है और सरकार से जल्द स्थिति सामान्य करने की मांग की जा रही है।
Author: Rm Global Tv

