हथियारों के साथ 59 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन भी मिलीं, इलाके में सुबह फिर चलाया जाएगा तलाशी अभियान
गुरदासपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक गुरदासपुर के गांव हरदो छन्नी में संदिग्ध ड्रोन गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक खेत से हथियारों और विस्फोटक सामग्री से भरा प्लास्टिक का लिफाफा बरामद हुआ। इसमें दो 9 एमएम पिस्तौल, दो मैगजीन, 59 जिंदा कारतूस और चार हैंड ग्रेनेड मिले हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को रात करीब 8:45 बजे थाना सदर गुरदासपुर के अंतर्गत आते गांव हरदो छन्नी के आसपास संदिग्ध ड्रोन गतिविधि की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही 135वीं बटालियन BSF और पंजाब पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
रात करीब 9 बजे गांव हरदो छन्नी के पास एक खुले खेत में प्लास्टिक का कैरी बैग बरामद हुआ। जब उसकी जांच की गई तो उसमें से दो 9 एमएम पिस्तौल, दो मैगजीन, 59 जिंदा कारतूस और चार हैंड ग्रेनेड मिले। पुलिस ने बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को कब्जे में ले लिया है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, बरामदगी वाला स्थान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 3 किलोमीटर और BSF की बाड़ से लगभग 2.9 किलोमीटर दूर है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी रखने की योजना है। सुबह पहली रोशनी होते ही दोबारा पूरे क्षेत्र की गहन तलाशी ली जाएगी, ताकि किसी अन्य संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
Author: Rm Global Tv

