आर एम गलोबल टीवी
गुरदासपुर। पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर सुखदीप सिंह छीना ने आम आदमी पार्टी (AAP) से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी है। उन्होंने अपना इस्तीफा आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा को भेजा है।
पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर एवं नशा मुक्ति मोर्चा के हलका कोऑर्डिनेटर सुखदीप सिंह छीना ने कहा कि वे आम आदमी पार्टी के साथ पिछले 13 वर्षों से जुड़े हुए थे और उन्होंने पार्टी व सरकार की नीतियों सहित नशे के खिलाफ आम लोगों को जागरूक करने के लिए क्षेत्र के घर-घर तक पहुंच बनाई थी।
छीना ने कहा कि पिछले कुछ समय से आम आदमी पार्टी की हलका इंचार्ज डॉ. सोनिया मान की गलत नीतियों के कारण पार्टी के शुरुआती सदस्यों और कार्यकर्ताओं में निराशा है, जिसके चलते वे अपने घरों में बैठे हैं।
छीना ने आम आदमी पार्टी के हाईकमान से मांग की कि पार्टी द्वारा विधानसभा क्षेत्र राजासांसी से घोषित उम्मीदवार सोनिया मान के टिकट पर पुनर्विचार किया जाए और क्षेत्र के किसी योग्य तथा जीत दर्ज करने वाले कार्यकर्ता को ही पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया जाए।
छीना ने दावा किया कि यदि आम आदमी पार्टी की ओर से राजासांसी के उम्मीदवार पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में बड़ी संख्या में ‘आप’ कार्यकर्ता और नेता पार्टी को अलविदा कह सकते हैं।
Author: Rm Global Tv

