गुरदासपुर। गुरदासपुर जिले के गांव वडाला बांगर में शनिवार तड़के लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने गांव की पूर्व सरपंच जसबीर कौर काहलों को उनके ही घर में बंधक बना लिया। लुटेरे बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां और अलमारी में रखे 25 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित जसबीर कौर काहलों ने बताया कि उनके बच्चे कनाडा और इटली में रहते हैं, जिसके कारण वह घर में अकेली रहती हैं। शुक्रवार शाम को दो लोग उनके घर आए थे, जिन्होंने खुद को जेल से आया हुआ बताया और उनके दिवंगत पति के बारे में पूछताछ की थी।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब पूर्व सरपंच पड़ोसियों के घर से लौटकर अपने घर पहुंचीं, तो वही दोनों संदिग्ध व्यक्ति गेट पर पहले से खड़े थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया। जबरन उनके कानों से सोने की बालियां उतारीं और अलमारी में पड़े 25,000 रुपये निकाल लिए। आरोपी पहचान छिपाने की नीयत से घर में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर (DVR) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कलानौर के एसएचओ अमनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Author: Rm Global Tv

