आर एम गलोबल टीवी
गुरदासपुर। यहां खड़ी एक कार की ड्राइविंग सीट पर युवक की लाश पड़ी थी। पहली नजर में लगा, उसका एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। वहीं पर उसकी लिव-इन पार्टनर भी खड़ी थी। वह जल्दी उसका पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार कराने की तैयारी में थी। सबने इसे एक्सीडेंट मान लिया।
हालांकि मरने वाले का भाई राजी नहीं हुआ। उसने कहा- ये हत्या है। मेरे भाई (मृतक) ने मौत होने से पहले ही कहा था कि अगर मेरे साथ कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार मेरे साथ रहने वाली महिला और उसका नया प्रेमी होगा। पुलिस ने डेडबॉडी का पोस्टमॉर्टम कराया। करीब 71 दिन बाद रिपोर्ट आई तो शक सच साबित हो गया।
युवक की मौत एक्सीडेंट में नहीं बल्कि सिर पर किसी भारी चीज के हमले से हुई थी। पुलिस ने तुरंत सबूत खंगाले तो पता चला कि महज 40 हजार की सुपारी देकर लिव-इन पार्टनर ने अपने नए प्रेमी और 3 अन्य साथियों से मिलकर युवक की हत्या करा दी।
हत्या के बाद शव को उसकी कार की ड्राइवर सीट पर रखकर जीटी रोड पर छोड़ दिया गया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Author: Rm Global Tv

