गुरदासपुर मे बस चालक पर हमला, रोडवेज कर्मी भड़के:हॉर्न बजाने को लेकर पहले कहासुनी फिर मारपीट, मुख्य मार्ग पर बसें रोककर प्रदर्शन

आर एम गलोबल टीवी

गुरदासपुर। दीनानगर बस स्टैंड के बाहर पंजाब रोडवेज के एक चालक पर कार सवार तीन युवकों द्वारा कथित हमले के बाद हंगामा खड़ा हो गया। घटना से रोष में आए रोडवेज चालकों और परिचालकों ने बसों को सड़क पर आड़ा-तिरछा खड़ा कर विरोध प्रदर्शन किया। इस कारण अमृतसर-पठानकोट मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, पंजाब रोडवेज की बस (PB-06 AT-1324) के चालक हरमीत सिंह अमृतसर से पठानकोट जा रहे थे। जैसे ही बस दीनानगर बस स्टैंड के पास पहुंची, एक कार में सवार तीन युवकों ने बस के आगे अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। जब चालक हरमीत सिंह ने रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाया, तो युवकों ने कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवारों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे बस कंडक्टर और मौके पर मौजूद रोडवेज इंस्पेक्टर के साथ भी बदसलूकी की गई। इस हमले में चालक हरमीत सिंह घायल हो गए।

सड़क पर बसें खड़ी कर जताया विरोध

घटना की खबर फैलते ही पंजाब रोडवेज के अन्य कर्मचारी और यूनियनों के प्रतिनिधि मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर बसों के पहिए थाम दिए और बस स्टैंड के सामने चक्का जाम कर दिया। इससे हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उग्र कर्मचारियों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।

राजेंद्र सिंह मन्हास, डीएसपी रोडवेज चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। घटना में शामिल कार सवार युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पीड़ित कर्मचारियों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Rm Global Tv
Author: Rm Global Tv

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *